
इस्कॉन मंदिर की भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा भव्यता के साथ संपन्न, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा चांपा नगर
चांपा | जय जोहार सीजी न्यूज़ | संवाददाता: हरिराम देवांगन
सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा चांपा नगर में श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न हुई। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
चांपा नगर में वर्षों से ऐतिहासिक रथ यात्रा पाढ़ी घाट से निकाली जाती रही है। सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान श्री जगन्नाथ नगर भ्रमण के बाद एक सप्ताह के विश्राम उपरांत पुनः अपनी स्थापित मंदिर में विराजमान हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

वहीं, पिछले कुछ वर्षों से जांजगीर स्थित इस्कॉन मंदिर द्वारा भी चांपा नगर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी आकर्षक ढंग से सजे रथ में भगवान श्री जगन्नाथ की शोभायात्रा इस्कॉन मंदिर जांजगीर से प्रारंभ होकर लायंस चौक, गौशाला रोड, सदर बाजार होते हुए राधा-कृष्ण मंदिर परिसर के समीप संपन्न हुई।

रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने लंबी रस्सियों के माध्यम से भगवान के रथ को श्रद्धापूर्वक खींचा। धार्मिक भजनों, कीर्तन और भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर भक्तगण नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। पूरे नगर में ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भगवान जगन्नाथ की भक्ति में संपूर्ण चांपा डूब गया हो।
इस्कॉन द्वारा आयोजित यह रथ यात्रा लगातार दूसरे वर्ष भी अत्यंत भव्य रूप में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन किए। आयोजन ने नगरवासियों के बीच धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति के प्रति उत्साह को और अधिक प्रगाढ़ किया।





















