
दीपावली पर यातायात व्यवस्था सुधारने कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस तैनाती, पार्किंग व्यवस्था और भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने की मांग
बलौदाबाजार। दीपावली पर्व को देखते हुए बलौदाबाजार शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने की मांग उठने लगी है। इसी कड़ी में शहर कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर त्योहार के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति निर्मित होने की आशंका रहती है। इससे आम नागरिकों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती, बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था, जाम से राहत दिलाने के लिए विशेष इंतजाम तथा भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित करने की मांग की। इसके अलावा नो-एंट्री व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी देने और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने की बात भी रखी गई।

इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन ने कहा कि दीपावली खुशियों और उल्लास का पर्व है। इस दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्रामीणजनों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन को पहले से ही यातायात की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष जीतेन्द्र नवरत्न, शहर कोषाध्यक्ष गवेंद्र साहू, नेता प्रतिपक्ष सलमान शेख, मोहसिन चौहान सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अब देखना होगा कि दीपावली के दौरान शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन इन मांगों पर क्या कदम उठाता है।
जय जोहार सीजी न्यूज़
खबर वही, जो जनहित की बात कहे।





















