
हथबंद रेलवे फाटक से लावर चौक तक सड़क जर्जर, हादसों का खतरा बढ़ा
हथबंद। हथबंद रेलवे फाटक से लावर चौक तक मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिसके कारण सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सड़क पर बने गड्ढों के चलते दोपहिया वाहन चालकों के गिरकर घायल होने और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि सड़क के जीर्णोद्धार के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
शीघ्र निर्माण शुरू करने की मांग:
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष कोमल प्रसाद वर्मा एवं युवा कांग्रेस नेता आयुष साहू ने अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण कार्य कब तक शुरू कराता है।






















