
तिल्दा-नेवरा में पुलिस की कार्रवाई, चाकू लेकर लोगों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सासाहोली और अटल आवास क्षेत्र में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहे थे आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज।
तिल्दा-नेवरा। शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सासाहोली एवं अटल आवास क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर आरोपी धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहे थे। सूचना मिलने पर तिल्दा-नेवरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
1. कुलेश्वर यादव (30 वर्ष), पिता लाल यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 20, तिल्दा-नेवरा। अपराध क्रमांक 472/26।
2. अजीत बंछोर (30 वर्ष), पिता श्रीराम बंछोर, निवासी वार्ड क्रमांक 22, मिशन अस्पताल के पीछे, तिल्दा-नेवरा। अपराध क्रमांक 473/26।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई:
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
जय जोहार सीजी न्यूज़ | तिल्दा-नेवरा






















