
गणेश प्रसाद पर कथित टिप्पणी को लेकर पुलिस में शिकायत
सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में ऑडियो शेयर करने का आरोप, समिति ने जांच व कार्रवाई की मांग की
तिल्दा-नेवरा/रायपुर। राजधानी रायपुर के पार्क साइड रेसिडेंशियल कॉलोनी में गणेश उत्सव के दौरान भगवान गणेश के प्रसाद को लेकर कथित टिप्पणी का मामला सामने आया है। मामले को लेकर गणेश उत्सव समिति के सदस्यों ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए ऑडियो की जांच और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पार्क साइड रेसिडेंशियल कॉलोनी में गणेश समिति द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना एवं भंडारा आयोजित किया गया था। इसी दौरान आयोजन से संबंधित एक ऑडियो सोसायटी के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किए जाने की बात सामने आई।
समिति सदस्यों के अनुसार, सोसायटी में रहने वाले कैल्विन सैमुअल नामक व्यक्ति द्वारा उक्त ऑडियो शेयर किया गया। समिति का आरोप है कि ऑडियो में भगवान गणेश के प्रसाद एवं पूजा सामग्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इसको लेकर समिति सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से शिकायत की।
ऑडियो की सत्यता और संदर्भ की जांच की मांग:
समिति ने पुलिस से ऑडियो की सत्यता, उसके स्रोत और संदर्भ की जांच करने की मांग की है। साथ ही यह भी पता लगाने का आग्रह किया गया है कि ऑडियो किसने तैयार किया, किस उद्देश्य से बनाया गया और व्हाट्सऐप ग्रुप में किस परिस्थिति में साझा किया गया।
समिति सदस्यों ने शिकायत में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित प्रावधानों के तहत जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई को लेकर समिति में नाराजगी:
समिति सदस्यों का कहना है कि शिकायत के बाद भी मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनमें नाराजगी है। सदस्यों ने मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष भी अपनी बात रखने की बात कही है।
फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है। ऑडियो की वास्तविकता, उसमें कही गई बातों का संदर्भ और संबंधित व्यक्ति की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






















