
छत्तीसगढ़िया अस्मिता के सम्मान में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने बुलंद की आवाज, मधुबाला गिरी के खिलाफ FIR की मांग
थाना सिलतरा में सौंपा ज्ञापन, कथित अपमानजनक टिप्पणी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग
धरसींवा। छत्तीसगढ़िया समाज, संस्कृति, भाषा और अस्मिता के सम्मान को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने आवाज बुलंद की है। सेना के पदाधिकारियों ने थाना सिलतरा में ज्ञापन सौंपकर मधुबाला गिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मधुबाला गिरी द्वारा छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों के प्रति कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। आरोप है कि छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों को ‘जाहिल’, ‘गंवार’ और ‘अनपढ़’ जैसे अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया गया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है।

छत्तीसगढ़िया समाज के सम्मान का मामला:
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति, भाषा, परंपरा और यहां के मेहनतकश लोगों का सम्मान प्रदेश की पहचान है। किसी भी व्यक्ति को पूरे समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। सेना का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी समाज, उसकी भाषा और संस्कृति का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रदेशभर में एफआईआर की मांग:
इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना द्वारा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिलतरा में ज्ञापन सौंपकर पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई।

सेना के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत विरोध नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़िया समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अस्मिता की लड़ाई है।
छत्तीसगढ़िया अस्मिता से समझौता नहीं:
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की माटी, भाषा, संस्कृति, परंपरा और मेहनतकश लोगों से है। समाज का अपमान पूरे प्रदेश के स्वाभिमान से जुड़ा विषय है। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
सेना ने पुलिस प्रशासन से ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज करने और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने दो टूक कहा—“हमर छत्तीसगढ़, हमर संस्कृति, हमर भाषा अउ हमर स्वाभिमान के अपमान कभू बर्दाश्त नइ करे जाही। हमर मांग एके हे—दोषी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई होवय।”






















