
तिल्दा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौत, मां घायल
तिल्दा-नेवरा। नगर के डॉक्टर खूबचंद बघेल चौक के पास बुधवार शाम करीब 4 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बहेसर निवासी पंकज वर्मा (24 वर्ष) अपनी मां के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तिल्दा से खरोरा की ओर जा रहा एक ट्रेलर डॉक्टर खूबचंद बघेल चौक के पास बाइक की चपेट में आ गया। हादसे में युवक ट्रेलर के नीचे बुरी तरह फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में 19 तारीख को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार उसकी मां भी हादसे में घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। नेवरा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नगर में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।





















