
मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में शिवसेना ने किया पुतला दहन
राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल
बलौदा बाजार। जिला बलौदा बाजार के गार्डन चौक में गुरुवार को शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से बर्खास्त करने की मांग करते हुए उनका पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। “ओट चोर गद्दी छोड़” और “चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए गए। पुतला दहन को रोकने के लिए पुलिस बल द्वारा काफी मशक्कत की गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन कर दिया।
शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि भारत निर्वाचन आयोग देश के लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है, जिस पर निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव कराने की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। संगठन ने आरोप लगाया कि वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के दौरान निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।
शिवसेना ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए तथा उनके कार्यकाल के दौरान उठे सवालों की उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता जनता के विश्वास से जुड़ी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे द्वारा छत्तीसगढ़ सहित देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात कही गई।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित:
प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के प्रदेश सचिव मनहरण साहू, जिला महासचिव बद्री प्रसाद वर्मा, जिला उपाध्यक्ष रोहित देवांगन, राजेश कुमार घृतलहरे, महिला सेना प्रदेश सचिव गंगोत्री साहू, संतोष नवरंगे, कोमल साहू, सरस्वती साहू सहित बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






















