
तिल्दा-नेवरा में ओवररेट का खेल! त्योहार आते ही शराब दुकानों में मदिरा प्रेमियों से कथित लूट, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
तिल्दा-नेवरा। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही तिल्दा-नेवरा क्षेत्र की मदिरा दुकानों में कथित तौर पर ओवररेटिंग का खेल फिर तेज होने लगा है। शराब खरीदने पहुंच रहे मदिरा प्रेमियों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। खुलेआम अधिक कीमत पर शराब की बिक्री होने के आरोपों ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मदिरा दुकानों में बैठे सेल्समैन और सुपरवाइजर द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है। सवाल यह है कि आखिर इन कर्मचारियों को नियमों की अनदेखी करने की इतनी हिम्मत कहां से मिल रही है? क्या इन्हें आबकारी विभाग की कार्रवाई का कोई डर नहीं है?

क्या अधिकारियों के संरक्षण में चल रहा है खेल?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मदिरा दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लेकर बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं, तो आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी क्या कर रहे हैं? क्या विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर शिकायतों के बावजूद जानबूझकर अनदेखी की जा रही है?
आखिर सेल्समैन और सुपरवाइजर किसके भरोसे खुलेआम ओवररेटिंग कर रहे हैं? क्या कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन पर्याप्त नहीं है, या फिर इस पूरे मामले के पीछे कोई दूसरा खेल चल रहा है? इन सवालों का जवाब आबकारी विभाग को देना चाहिए।
त्योहारों में बढ़ती भीड़, उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रही मार: त्योहारों के दौरान मदिरा दुकानों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर यदि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है, तो यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है। आम ग्राहक मजबूरी में अधिक पैसे देकर शराब खरीदने को विवश हो जाते हैं।
आबकारी विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग:
क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि तिल्दा-नेवरा की सभी मदिरा दुकानों में औचक निरीक्षण किया जाए। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दुकानों में रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराई जाए और ग्राहकों को बिल देना सुनिश्चित किया जाए।
अब देखना होगा कि आबकारी विभाग इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर त्योहारों के नाम पर मदिरा प्रेमियों की जेब कटती रहेगी और जिम्मेदार अधिकारी खामोश बैठे रहेंगे?
बड़ा सवाल: तिल्दा-नेवरा की मदिरा दुकानों में कथित ओवररेटिंग पर आबकारी विभाग कब करेगा कार्रवाई?
जय जोहार सीजी न्यूज़






















