
जय भवानी, जय शिवाजी… हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा ग्राम सरोरा
शिवसेना द्वारा बाबा विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापना, किसान सेना एवं राजमिस्त्रियों ने निभाई सहभागिता
तिल्दा-नेवरा। बलौदा बाजार विधानसभा क्षेत्र के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सरोरा में शिवसेना द्वारा भगवान बाबा विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापना की गई। मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं राजमिस्त्रियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान “जय भवानी, जय शिवाजी” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। बाबा विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर विधिवत रूप से मूर्ति स्थापना की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा विश्वकर्मा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बताया गया कि शिवसेना किसान सेना की ओर से आयोजित इस पहल में संगठन के पदाधिकारियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। कार्यक्रम में किसान सेना सचिव एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार यादव, इंदल कुमार सिंह कुशवाहा, तिल्दा-नेवरा ब्लॉक उपाध्यक्ष, सहित ग्राम सरोरा के छोटू राम यादव एवं समस्त राजमिस्त्री उपस्थित रहे।
बाबा विश्वकर्मा को निर्माण एवं शिल्प कार्य से जुड़े लोगों का आराध्य माना जाता है। यही वजह रही कि मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में ग्राम के राजमिस्त्रियों एवं निर्माण कार्य से जुड़े लोगों ने विशेष उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापना से ग्राम सरोरा में धार्मिक एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलेगा तथा निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को अपने आराध्य के प्रति आस्था व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।





















