
गांव-गांव पहुंचेगा ‘पत्रकार मितान’, जनसमस्याओं की रखेगा खबर
छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन की बैठक में अहम फैसला, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी रहेगी पैनी नजर
तिल्दा-नेवरा। पत्रकारिता को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन ने महत्वपूर्ण पहल करने का निर्णय लिया है। संगठन द्वारा क्षेत्र के गांव-गांव में ‘पत्रकार मितान’ का गठन किया जाएगा। इसके तहत जागरूक एवं जिम्मेदार लोगों को संगठन से जोड़कर स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों की जानकारी पत्रकारों तक पहुंचाई जाएगी।
एसोसिएशन की बैठक में पत्रकारों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक ऐसी समस्याएं मौजूद रहती हैं, जिनकी जानकारी समय पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक नहीं पहुंच पाती। वहीं शासन द्वारा गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं आम नागरिकों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जमीनी स्थिति सामने लाना भी आवश्यक है।

इसी उद्देश्य से ‘पत्रकार मितान’ गांवों में जनता और पत्रकारों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेंगे। वे सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, राशन, आवास, नाली तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी स्थानीय समस्याओं की जानकारी संगठन के पत्रकारों तक पहुंचाएंगे। साथ ही शासन की जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की स्थिति से भी अवगत कराया जाएगा।
बैठक में पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि ‘पत्रकार मितान’ पहल का उद्देश्य किसी व्यक्ति, अधिकारी या संस्था को बदनाम करना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर जनहित के मुद्दों को सामने लाना है। किसी क्षेत्र में समस्या पाए जाने पर संबंधित विभाग एवं प्रशासन के संज्ञान में तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
एसोसिएशन ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज को व्यापक मंच मिलेगा और पत्रकारिता का सीधा जुड़ाव जनता से और मजबूत होगा। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकार हितों तथा जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
‘पत्रकार मितान’ से जुड़ने के लिए संपर्क करें
धीरेंद्र कुमार जायसवाल
जिला सचिव, रायपुर
मोबाइल: 9131419735



















