
छेरकाडीह। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छेरकाडीह में शिक्षिका श्रीमती खेमेश्वरी साहू ने अपने जन्मदिवस के शुभ अवसर पर विद्यालय के बच्चों को न्यौता भोजन कराया। अपने जन्मदिन को बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए मनाने की इस पहल से विद्यालय में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच प्रतिनिधि भी विद्यालय पहुंचे और बच्चों के साथ न्यौता भोजन में शामिल हुए। शिक्षिका श्रीमती खेमेश्वरी साहू ने बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया तथा उनके साथ जन्मदिन की खुशियां बांटीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार ने शिक्षिका को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर को बच्चों के साथ मनाकर उन्हें भोजन कराना समाज में सेवा, अपनापन और सहयोग की भावना को बढ़ावा देता है।
शिक्षिका श्रीमती खेमेश्वरी साहू की इस पहल की विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने सराहना की। कार्यक्रम ने बच्चों के बीच आपसी प्रेम, स्नेह और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।





















