
मोटराइज्ड व्हीलचेयर बनी ताकत, हौसला बना पहचान: ओंकारेश्वर प्रसाद सोनवानी ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड मेडल
जय जोहार सीजी न्यूज़ | संवाददाता : हरिराम देवांगन
कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम खोड्डल निवासी एवं सक्षम जिला इकाई कोरबा के क्रीड़ा आयाम प्रमुख ओंकारेश्वर प्रसाद सोनवानी ने रायपुर में आयोजित नेशनल मिनी इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 की बेंच प्रेस स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर अपने गांव, जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
ओंकारेश्वर प्रसाद सोनवानी का जीवन संघर्ष, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है। एक हादसे में स्पाइनल कॉर्ड इंजरी होने के कारण वे व्हीलचेयर पर आ गए, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी। कठिन चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों का पीछा जारी रखा और आज एक सच्चे “व्हीलचेयर वॉरियर” के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है।
लगातार मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के बल पर उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। नेशनल मिनी इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में हासिल किया गया यह गोल्ड मेडल उनकी लगन, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम का जीवंत उदाहरण है।
अपनी सफलता पर ओंकारेश्वर कहते हैं, “हालात चाहे जैसे भी हों, यदि इरादे मजबूत हों तो मंजिल जरूर मिलती है।” उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी बड़े मंचों पर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए लगातार तैयारी कर रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सक्षम जिला इकाई कोरबा की जिला अध्यक्ष ज्योति श्रीवास, संरक्षक डॉ. वीणा अग्रवाल, उपाध्यक्ष वीणा राही, सचिव लोकनाथ सेन, सह सचिव ज्ञान दास महंत, कोषाध्यक्ष मेशराम पटेल सहित ममता नायडू, दीप्ती श्रीवास, मंगल जगत, रिखिराम श्रीवास, ज्योति सराफ, निर्मला शर्मा, मनराखन अगरिया, रश्मि श्रीवास, राजेंद्र एवं समस्त जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
ओंकारेश्वर की यह उपलब्धि न केवल दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से किसी भी चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है।














