
तिल्दा-नेवरा में बाल संदर्भ योजना के तहत स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित
तिल्दा-नेवरा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा-नेवरा में मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में तिल्दा-नेवरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए कुपोषित बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के संबंध में आवश्यक सलाह और मार्गदर्शन दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्वास्थ्य मितानिनों के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस विशेष पहल से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार देखने को मिला है। साथ ही माताओं में भी बच्चों की उम्र और आवश्यकता के अनुसार उचित आहार देने के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. आशीष सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना का उद्देश्य कुपोषित एवं संकटग्रस्त बच्चों को कुपोषण के चक्र से बाहर निकालकर कुपोषण की दर में कमी लाना है। योजना के तहत ऐसे बच्चों को चिकित्सीय परीक्षण, आवश्यक उपचार एवं बाल रोग विशेषज्ञों द्वारा परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।
संवाददाता : धीरेंद्र कुमार जायसवाल
जय जोहार सीजी न्यूज़/9131419735













