
तिल्दा नेवरा में दो स्कूली छात्रों के बीच विवाद बना खूनी संघर्ष, एक की मौत, दूसरा गंभीर
रायपुर (तिल्दा नेवरा)। तिल्दा नेवरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां दो स्कूली छात्रों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद सासाहोली स्थित यदु भवन परिसर के मंदिर के पास कुछ बच्चे रोज की तरह पहुंचे थे। इसी दौरान कक्षा 10वीं में अध्ययनरत दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल छात्र ने चाकू छीनकर पलटवार किया, जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिए।
घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तत्काल मिशन अस्पताल तिल्दा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची मौके पर:
घटना की सूचना मिलते ही नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी। वहीं अस्पताल पहुंचकर भी आवश्यक कार्रवाई की गई। दोपहर में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और मामले की बारीकी से जांच की।
पुराने विवाद की आशंका:
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों छात्रों के बीच कक्षा 9वीं की परीक्षा के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों छात्र परीक्षा में उत्तीर्ण होकर कक्षा 10वीं में पहुंच गए थे, लेकिन पुरानी रंजिश समाप्त नहीं हुई। आशंका जताई जा रही है कि उसी पुराने विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया।
जांच जारी:
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आखिर किस वजह से दोनों छात्र एक-दूसरे के जान के दुश्मन बन गए, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्य सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
पल-पल की कड़क और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें — जय जोहार सीजी न्यूज़।













