
गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने की मांग, गौ सम्मान आव्हान अभियान ने की बैठक
किशन गिरी महाराज बोले— भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान
तिल्दा-नेवरा। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत तिल्दा-नेवरा स्थित स्थानीय विश्राम गृह में बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग उठाई गई। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस मांग के समर्थन में अपनी सहभागिता जताई।

राजस्थान से पहुंचे गौ सम्मान के राज्य प्रचारक किशन गिरी महाराज ने प्रेस वार्ता में कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय धार्मिक अनुष्ठानों और परंपराओं में गौ माता का विशेष महत्व है। उनके अनुसार, गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन से भी जुड़ा हुआ है।
किशन गिरी महाराज ने कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। अभियान के माध्यम से गौ हत्या पर रोक लगाने और गौ संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की अपील भी की गई।
17 दिसंबर को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन:
बैठक में जानकारी दी गई कि गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत 17 दिसंबर 2026, गुरुवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने सहित गौ संरक्षण से जुड़ी मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा।
सड़कों पर बेसहारा गौवंश की समस्या पर भी जताई चिंता: इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद एवं सभापति सौरभ रानी जैन ने कहा कि सड़कों, गलियों और मोहल्लों में घूमने वाले बेसहारा गौवंश की समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क पर विचरण करने वाली गौ माताओं के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। गौवंश की सुरक्षा के लिए समाज और संबंधित प्रशासन को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने लोगों से गौ सम्मान आव्हान अभियान से जुड़कर गौ संरक्षण और जनजागरूकता के कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।
ये रहे उपस्थित: बैठक में समाजसेवी सौरभ जैन, वार्ड क्रमांक 19 के पार्षद दिनेश साहू, वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद संतोष यदु, गौ सम्मान आव्हान अभियान के कवर्धा-राजनांदगांव संभाग प्रभारी रोहन चंद्रवंशी तथा दुर्ग संभाग प्रभारी कमल किशोर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में गौ माता के सम्मान, संरक्षण और उन्हें राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर अभियान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।






















