
ग्राम सांकरा में धरसीवां खंड की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, छत्तीसगढ़िया समाज के राजनीतिक सशक्तिकरण पर जोर
रायपुर ग्रामीण। ग्राम सांकरा में धरसीवां खंड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणों, युवाओं, किसानों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़िया समाज को अपने अधिकारों, अस्मिता और भविष्य की रक्षा के लिए राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। समाज के हितों की रक्षा और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए राजनीतिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है।
बैठक में प्रदेश में बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त की गई। ग्रामीणों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम जनता, किसानों और मजदूरों पर पड़ रहा है। इससे परिवारों का आर्थिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है तथा युवाओं में निराशा और मानसिक तनाव बढ़ता है। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में प्रदेश में नए शराब दुकानों को खोले जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समस्याओं को देखते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव में अभी समय शेष है, लेकिन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचने लगे हैं। इस दौरान लोगों ने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में यह भी कहा गया कि धरसीवां खंड हमेशा छत्तीसगढ़िया समाज के हितों के कार्य करता रहा है और भविष्य में भी संघर्ष जारी रहेगा। वक्ताओं ने दावा किया कि लोगों का विश्वास लगातार जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना (CKS) के प्रति बढ़ रहा है।
किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए खाद, बीज, पेट्रोल एवं डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक विषयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपस्थित वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि ये निर्णय भविष्य में छत्तीसगढ़िया समाज को मजबूत करने और प्रदेश की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होंगे।














