
तिल्दा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशे में वाहन चलाने वाले दो चालक गिरफ्तार, 10-10 हजार का जुर्माना
तिल्दा-नेवरा, रायपुर। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक कार चालक और एक ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। दोनों चालकों को मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 185 के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय ने प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 16 जून 2026 को तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कार क्रमांक CG 07 BQ 9988 एवं ट्रैक्टर क्रमांक CG 04 PM 4238 के चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की तथा आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय द्वारा दोनों चालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
संवाददाता : धीरेंद्र कुमार जायसवाल
जय जोहार सीजी न्यूज़











