
मोबाइल पर इमरजेंसी मौसम चेतावनी से लोगों में दहशत, पहली बार मिला ध्वनि युक्त अलर्ट
जय जोहार सीजी न्यूज़
संवाददाता : हरिराम देवांगन
चांपा (जांजगीर-चांपा)।
जिला उप मुख्यालय चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार शाम मोबाइल फोन पर बार-बार प्राप्त हुए इमरजेंसी मौसम चेतावनी संदेशों ने लोगों के बीच दहशत और असमंजस का माहौल पैदा कर दिया। शाम लगभग 4 बजे से रात 9 बजे तक बड़ी संख्या में मोबाइल उपभोक्ताओं को तेज ध्वनि के साथ मौसम संबंधी चेतावनी संदेश प्राप्त हुए, जिसे देखकर लोग एक-दूसरे से इसकी जानकारी लेते नजर आए।
हालांकि मौसम संबंधी जानकारी और अलर्ट मोबाइल के विभिन्न वेदर एप के माध्यम से पहले भी मिलते रहे हैं, लेकिन इस बार विशेष ध्वनि युक्त इमरजेंसी अलर्ट पहली बार मिलने से लोगों में चिंता बढ़ गई। कई लोगों को आशंका होने लगी कि क्षेत्र में किसी बड़े प्राकृतिक संकट, आंधी-तूफान या भारी बारिश की संभावना है।
सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में भी इस अलर्ट को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। लोग एक-दूसरे को स्क्रीनशॉट भेजकर यह पुष्टि करते रहे कि उन्हें भी ऐसा संदेश प्राप्त हुआ है। पहली बार इस प्रकार का अलर्ट मिलने के कारण अधिकांश लोग इसकी गंभीरता को लेकर चिंतित दिखाई दिए।
मौसम विभाग की चेतावनी काफी हद तक सही साबित हुई। जांजगीर-चांपा जिले में शाम करीब 5 बजे से तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जबकि रात 8 बजे के बाद कई क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
वहीं दूसरी ओर बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई। चांपा विद्युत मंडल क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गईं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या वर्षों पुरानी है और हल्की आंधी या बारिश के दौरान भी हालात बिगड़ जाते हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मानसून सिर पर है, लेकिन अब तक बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने विद्युत विभाग से मानसून के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि मौसम विभाग की चेतावनी प्रणाली लोगों की सुरक्षा के लिए उपयोगी है, लेकिन इसके बारे में पहले से व्यापक जागरूकता होने पर अनावश्यक दहशत की स्थिति से बचा जा सकता है।














