
छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रूप नारायण सिन्हा के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। बिलासपुर में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण शिविर के दौरान उन्हें हृदयाघात आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
रूप नारायण सिन्हा लंबे समय तक संगठन के समर्पित कार्यकर्ता रहे। उन्होंने पूर्व सह संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनका संपूर्ण जीवन संगठन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा, जो कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से भी उनका विशेष जुड़ाव रहा। स्वयंसेवक एवं विस्तारक के रूप में उन्होंने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनेक शाखाओं की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद एवं भारतीय जनता पार्टी में बिलासपुर संभाग के संगठन मंत्री के रूप में उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।
उनके निधन पर लोकतंत्र प्रहरी के रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ जैन, प्रदेश महामंत्री नरेंद्र मालूराम शर्मा, सुधांशु शर्मा, अमरजीत पासवान, बृजलाल वर्मा, शशि भूटानी, मधुसूदन दीवान, नर्सिंग वर्मा, स्वाति वर्मा, पार्षद रानी जैन, बेबी गोस्वामी सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
जय जोहार सीजी न्यूज़ परिवार भी स्वर्गीय रूप नारायण सिन्हा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
ॐ शांति।













