
मेंटेनेंस की कमी से NH-49 ओवरब्रिज अंधेरे में, हादसों को दे रहा न्योता
चांपा रेलवे स्टेशन के पास वाई आकार का पुल, स्ट्रीट लाइट बंद—राहगीरों में डर और आक्रोश
संवाददाता हरिराम देवांगन
चांपा। जिले के अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (NH-49) पर स्थित वाई आकार का ओवरब्रिज इन दिनों मेंटेनेंस के अभाव में पूरी तरह अंधेरे में डूबा हुआ है। कुछ महीने पहले तक यह पुल रोशनी से जगमगाता था, लेकिन अब जिम्मेदार विभाग की लापरवाही के चलते यहां सन्नाटा और अंधेरा पसरा हुआ है, जो लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस ओवरब्रिज के निर्माण के समय आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए बड़ी संख्या में विद्युत पोल लगाए गए थे। लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि इनमें से अधिकांश लाइटें बंद पड़ी हैं। हालत यह है कि किसी भी पोल पर एलईडी बल्ब तो दूर, सामान्य रोशनी की भी व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ओवरब्रिज शुरू होने के कुछ ही समय बाद यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें निर्दोष लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा रखरखाव के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
यह ओवरब्रिज चांपा रेलवे स्टेशन के बेहद करीब स्थित है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों यात्री गुजरते हैं। ऐसे में अंधेरे के कारण पैदल चलने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात के समय यह पुल अपराध और असामाजिक तत्वों के लिए भी अनुकूल स्थान बनता जा रहा है।
वर्तमान में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के चलते लोगों की आवाजाही देर रात तक बनी रहती है। ऐसे में अंधेरे में डूबा यह वाई आकार का पुल कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
नागरिकों का आरोप है कि शासन द्वारा टोल टैक्स के नाम पर भारी शुल्क वसूला जाता है, लेकिन महत्वपूर्ण सड़कों और पुलों के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। लोगों ने जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और उचित व्यवस्था की मांग की है।
संवाददाता हरिराम देवांगन












