खूनी बारात: शराब के पैसों को लेकर हमला, महिलाओं-बच्चों ने भी की मारपीट, 14 गिरफ्तार
पलारी/बलौदाबाजार, 30 अप्रैल 2026। शादी की खुशियां उस वक्त खौफ और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब पलारी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमेरा में शराब के पैसों को लेकर बारातियों पर हमला कर दिया गया। घटना 28 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे की है, जब ग्राम छिराही से नंदकुमार वर्मा की बारात गाजे-बाजे के साथ अमेरा पहुंची थी। बाराती जैसे ही पंचायत भवन के पास रुके, कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंच गए और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। बारातियों द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई।
आरोपियों ने एकजुट होकर बाराती वाहनों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान गांव की महिलाएं और नाबालिग बच्चे भी मारपीट में शामिल हो गए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक आरोपी ने चाकू निकालकर बारातियों को जान से मारने की नीयत से दौड़ाया, वहीं कुछ लोगों को बंधक बनाकर रखा गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में निरीक्षक लखेश केवट और हेमंत पटेल के नेतृत्व में पलारी, सिटी कोतवाली और भाटापारा ग्रामीण थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और घायल बारातियों को सुरक्षा के साथ अस्पताल पहुंचाया।
विवेचना के दौरान यह सामने आया कि ग्राम अमेरा की कुछ महिलाएं भी उपद्रवियों के साथ मारपीट में शामिल थीं। पुलिस ने इस मामले में 6 विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 324(5), 119(1), 127(2), 191(1), 191(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप कोसरिया (28), रोहित कोसरिया (35), मोतीलाल कोसरिया (45), गोकुल साहू (20), बुगाला कोसरिया (30), राज बाई कोसरिया (58), संतोषी कोसरिया (40), चंद्रिका धृतलहरे (45) सहित 6 नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।














