
SKS इस्पात कंपनी में हादसा: मजदूर की मौत, संगठन के दबाव से 22.50 लाख मुआवजा तय
क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन झुका, बीमा व पेंशन का भी ऐलान
धरसीवां/जांजगीर-चांपा। SKS इस्पात कंपनी में कार्यरत जांजगीर-चांपा जिले के निवासी पुष्पेंद्र साहू की 2 मई 2026 को कार्यस्थल पर हुई दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद परिजनों ने न्याय और उचित मुआवजे की मांग को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से सहायता की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कंपनी गेट पर पहुंचकर देर रात तक पीड़ित परिवार के साथ डटे रहे।
इस दौरान संगठन की ओर से कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजा देने की मांग की गई और स्पष्ट चेतावनी दी गई कि न्याय नहीं मिलने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के दबाव और लगातार प्रयासों के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतक परिवार को 22 लाख 50 हजार रुपये मुआवजा, लगभग 14 लाख रुपये बीमा राशि तथा 12 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने पर सहमति जताई।
मृतक के परिजनों ने संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मजदूरों के हक और अधिकार के लिए इस तरह की लड़ाई बेहद जरूरी है।
⚠️ सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। संगठनों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी मजदूर हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
✍️ संवाददाता
धीरेंद्र कुमार जायसवाल
जय जोहार सीजी न्यूज़














