
चांपा।
जय जोहार सीजी न्यूज़ के जिला ब्यूरो चीफ एवं संवाददाता हरिराम देवांगन के बड़े पुत्र तरुण कुमार देवांगन का चयन दिल्ली स्थित International Institute of Information Technology Delhi में यूएक्स (UX) डिजाइनिंग कोर्स के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से क्षेत्र और परिवार में खुशी का माहौल है।
तरुण ने बिना किसी विशेष कोचिंग या विशेषज्ञ मार्गदर्शन के, स्व-अध्ययन और बेहतर समय प्रबंधन के दम पर यह सफलता हासिल की है। वर्तमान में वे गुड़गांव स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी में सॉफ्टवेयर डिजाइनिंग इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं और अपने कार्य के साथ-साथ उच्च शिक्षा की तैयारी भी जारी रखी। जुलाई 2026 सत्र से वे IIIT दिल्ली में अध्ययन प्रारंभ करेंगे।
तरुण ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हिंदी माध्यम से सरस्वती शिशु मंदिर में प्राप्त की। इसके बाद रायपुर स्थित रुंगटा कॉलेज से बीटेक (कंप्यूटर साइंस) की पढ़ाई पूरी की। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद उन्होंने निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
देवांगन परिवार के अन्य सदस्य भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके छोटे भाई दीपेंद्र कुमार देवांगन ने GATE परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 207 प्राप्त कर Indian Institute of Technology Kanpur में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग (एमटेक) में प्रवेश लिया है, जबकि सबसे छोटे भाई महेश कुमार देवांगन बेंगलुरु स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) की पढ़ाई कर रहे हैं।
परिवार ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए हार नहीं मानी और बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। तरुण ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद को दिया है।
यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।













