
दिन में मेंटेनेंस, रात में अंधेरा—क्या है हर रोज आधी रात बिजली कटने का सच?
जांजगीर-चांपा।
जिले के उप मुख्यालय चांपा में भीषण गर्मी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लेकिन इस तपती गर्मी में सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरी है बिजली की आंख-मिचौली, खासकर मध्य रात्रि में बार-बार बिजली गुल होना।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चांपा क्षेत्र में हर वर्ष गर्मी अधिक पड़ती है, जिसका कारण यहां सूर्य की सीधी किरणें बताई जाती हैं। बावजूद इसके, बिजली विभाग की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। विभाग द्वारा दिन में मेंटेनेंस के नाम पर कई घंटे बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन सुधार के नाम पर नतीजा शून्य दिखाई देता है।
गौरतलब है कि जहां दिन में कई बार बिजली बाधित होती है, वहीं हर रात एक तय समय पर बार-बार बिजली कटना अब एक रहस्य बनता जा रहा है। एक-दो दिन की समस्या को सामान्य माना जा सकता है, लेकिन लगातार हर रात यही स्थिति रहना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
भीषण गर्मी में दिनभर की थकान के बाद जब लोग आराम करने की कोशिश करते हैं, उसी समय बिजली का बार-बार जाना उनके लिए किसी सजा से कम नहीं है। पसीने से तर-बतर लोग रात भर बिजली आने का इंतजार करने को मजबूर हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से यह समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है। सवाल यह उठता है कि आखिर हर रात तय समय पर बिजली कटने के पीछे क्या कारण है—तकनीकी खामी या लापरवाही?
यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह स्थिति और भी भयावह रूप ले सकती है।
(रिपोर्ट: हरिराम देवांगन)
जय जोहार सीजी न्यूज़, चांपा
👉 खबर सच की जड़ तक
🌐 www.jayjoharcgnews.com�















