
समर्पण का पर्याय बना सक्षम, स्थापना दिवस पर दिव्यांग प्रतिभाओं व समाजसेवियों का हुआ सम्मान
जय जोहार सीजी न्यूज़
संवाददाता: हरि देवांगन
सारंगढ़। दिव्यांगजनों के समग्र विकास और सेवा के लिए समर्पित संगठन सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) के स्थापना दिवस के अवसर पर सारंगढ़ स्थित प्रांजल दिव्यांग विद्यालय में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग प्रतिभाओं, शिक्षकों एवं समाजसेवियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत सारंगढ़ के उपाध्यक्ष रामनाथ सिदार थे, जबकि अध्यक्षता शिक्षा विभाग के संचालक आर.पी. जांगड़े ने की। विशिष्ट अतिथियों में तुलाराम सोनवानी, हीरादेवी निराला एवं सक्षम जिला संयोजक सरिता सिदार शामिल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। प्रांजल दिव्यांग विद्यालय के विद्यार्थियों प्राची अनंत, नेहा पटेल, परी मानिकपुरी, नूतन निषाद एवं नताशा निषाद ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं जिला स्तरीय संगीत प्रतियोगिता के विजेता रोहित खर्रा एवं कु. पूनम महंत सहित अन्य कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।

समारोह में दिव्यांगजनों के उत्थान, शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कई समाजसेवियों, शिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा पांचवीं एवं दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सक्षम की कला आयाम प्रमुख छाया डडसेना तथा धीमही प्रकोष्ठ की प्रांत प्रमुख ज्योति सर्राफ ने संगठन के उद्देश्य, गतिविधियों एवं दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि रामनाथ सिदार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में शिक्षक, समाजसेवी एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में आर.पी. जांगड़े ने दिव्यांगजनों के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं दीं। वहीं विद्यालय की संचालिका हीरा निराला ने विद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा की। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पेन एवं कॉपी भी वितरित की।
जिला संयोजक सरिता सिदार ने बताया कि सक्षम द्वारा दिव्यांग बच्चों को कूलर, कॉपी-किताब सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में भी सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सक्षम महिला प्रकोष्ठ की पांच पदाधिकारियों को हाल ही में रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सक्षम जिला प्रभारी एवं प्रांतीय प्राणदा प्रकोष्ठ प्रमुख लोकनाथ सेन ने किया। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए जिले में सक्षम के विस्तार एवं संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में सक्षम जिला इकाई के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे।














