
सिमगा में दर्दनाक सड़क हादसा: शासकीय अस्पताल की एम्बुलेंस की टक्कर से बाइक सवार जितेंद्र यादव की मौत
सिमगा/बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत झीरिया स्थित शनि मंदिर के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एम्बुलेंस और एक बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार हथबंद निवासी जितेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल जितेंद्र यादव को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जितेंद्र यादव की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही उनके गृह ग्राम हथबंद में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।
सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हादसे के वास्तविक कारणों एवं जिम्मेदारी का निर्धारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
संवाददाता : धीरेंद्र कुमार जायसवाल
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान















