
पंचायतों के सशक्तिकरण से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति : टिकेश्वर मनहरे
खरोरा/तिल्दा। खरोरा में आयोजित जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष संघ छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक में जनपद पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे ने भाग लिया। बैठक में प्रदेशभर से आए जनपद पंचायत अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों ने पंचायतों के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान विभिन्न जिलों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करते हुए पंचायत व्यवस्था को अधिक सशक्त, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही ग्रामीण विकास की गति को तेज करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तिकरण एवं सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
मनहरे ने पंचायतों को लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी तथा सरकार की संवेदनशील नीतियों के कारण गांवों में अधोसंरचना विकास, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान के कार्यों को नई गति मिल रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व एवं प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा तथा पंचायतें विकास की मजबूत धुरी बनकर उभरेंगी।













