
शिक्षक दिवस पर तिल्दा-नेवरा पुलिस बनी ‘साइबर शिक्षक’
विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
संपादक: धीरेंद्र कुमार जायसवाल/9131419735
तिल्दा-नेवरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा पुलिस ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ‘साइबर शिक्षक’ की भूमिका निभाते हुए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, अनजान APK फाइल और संदिग्ध लिंक से बचने के जरूरी उपाय बताए।

पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक, अनजान APK फाइल और वीडियो कॉल से सावधान रहने तथा मोबाइल एप केवल अधिकृत Play Store या App Store से डाउनलोड करने की सलाह दी गई।

साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने माता-पिता और परिवारजनों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी सहित थाना तिल्दा-नेवरा का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से संवाद कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
“साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


















