
नपा के 7 वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, पार्षदों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
कांग्रेस पार्षदों ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, समान विकास राशि स्वीकृत करने की मांग; मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बलौदाबाजार। नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के 21 वार्डों में से 7 वार्डों के नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों का अपेक्षित लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इसे लेकर कांग्रेस के सात पार्षदों ने जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पार्षदों के अनुसार नगर पालिका क्षेत्र में अधोसंरचना मद सहित विभिन्न मदों से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 1, 4, 11, 13, 15, 17 और 20 में विकास कार्यों के लिए अपेक्षित राशि एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। पार्षदों ने आरोप लगाया कि इन वार्डों के नागरिक विकास कार्यों से वंचित हैं और अन्य वार्डों की तुलना में भेदभाव की स्थिति दिखाई दे रही है।
पार्षदों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित विकास कार्यों के अनुरूप समानांतर राशि की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि इन वार्डों के नागरिकों को भी सड़क, नाली, प्रकाश, पेयजल सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष शेख सलमान, पार्षद अंजनी गोविंद पात्रे, श्रद्धा मनीष वर्मा, सुरेश घृतलहरे, डिगेश्वरी रविन्द्र नामदेव और ममता सुभाष राव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
पार्षदों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और सातों वार्डों में विकास कार्यों के लिए उचित राशि स्वीकृत नहीं हुई, तो सभी प्रभावित वार्डों के पार्षद एकजुट होकर शासन-प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
हरि ओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट


















