
अल्ट्राटेक सीमेंट ग्रासीम विहार रावण में मजदूरों ने लगाए शोषण के आरोप
उचित मुआवजा और नियमित शिफ्ट ड्यूटी की मांग, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने दिया समर्थन
रावण। बलौदा बाजार। अल्ट्राटेक सीमेंट ग्रासीम विहार रावण में महाराजा ब्रदर्स ठेकेदार के अधीन लंबे समय से कार्यरत मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर अपनी मांगों की अनदेखी और श्रम संबंधी समस्याओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों का कहना है कि वे पिछले 12 से 15 वर्षों से यहां काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

मजदूरों के अनुसार उन्हें वर्तमान में कालींग ड्यूटी के तहत सीमित दिनों की हाजिरी दी जा रही है। उनका कहना है कि कई मजदूरों को महीने में करीब 12 से 15 हाजिरी ही मिल रही है, जबकि वे नियमित रूप से काम करना चाहते हैं। मजदूरों ने मांग की है कि उन्हें शिफ्ट में नियमित ड्यूटी दी जाए और महीने में 26 हाजिरी सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवार का भरण-पोषण बेहतर तरीके से हो सके।
मजदूरों का दावा है कि इस संबंध में कंपनी प्रबंधन को कई बार आवेदन और निवेदन दिया जा चुका है, लेकिन उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। मजदूरों ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और उचित मुआवजा व नियमित रोजगार की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

इसी दौरान बड़ी संख्या में मजदूरों ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने मजदूरों की मांगों के समर्थन में खड़े होने की बात कही।
संगठनों की ओर से कहा गया कि मजदूरों के हक और अधिकारों से जुड़े मामले में उचित समाधान के लिए कंपनी प्रबंधन से चर्चा की जाएगी। साथ ही, यदि मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और उनके साथ कथित तौर पर शोषण जारी रहा, तो कंपनी गेट के सामने आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन से अपनी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने और लंबे समय से कार्यरत श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था करने की मांग की है।






















