
भाजपा मंडल संडी की मासिक बैठक संपन्न, निकाली गई संत रविदास समरसता कलश यात्रा
संडी। भारतीय जनता पार्टी मंडल संडी की मासिक बैठक सांगठनिक चर्चाओं के साथ संपन्न हुई। बैठक के अवसर पर संत शिरोमणि रविदास जी की ‘समरसता संकल्प कलश यात्रा’ के आगमन पर श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के साथ संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, एकता और बंधुत्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा बलौदाबाजार तेजराम वर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मिथलेशमुकेश साहू ने की। जिला पंचायत सदस्य महेंद्र मोनू साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भारती मोनू साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने कलश यात्रा को संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी के 650वें पावन जयंती वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही यह यात्रा सामाजिक एकता और समानता का संदेश दे रही है। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी कलश में रखकर जन-जन तक पहुंचाई जा रही है। इसका उद्देश्य जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारों को समाप्त कर समतामूलक समाज की स्थापना का संदेश देना है।
इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



















