
सरस्वती विहार स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई जन्माष्टमी
रायपुर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती विहार रायपुर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता एवं ॐ के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, भजन, गीत और गरबा नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गरबा नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। वहीं, छोटे-छोटे भैया-बहनों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों के लिए मटका फोड़ एवं चित्र पर बिंदी लगाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में मां सरस्वती बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष डा. अजय कुलश्रेष्ठ, सदस्य प्रकाश सिंह ठाकुर, सरस्वती शिक्षा संस्थान के सह प्रांत प्रमुख मानिक लाल साहू, प्रांतीय शिशु वाटिका प्रमुख राम कुमार वर्मा, कन्या आश्रम प्रमुख संगीता चौबे, डॉ. सन्नी सिकरवार, डॉ. आलोक शर्मा सहित विद्यालय की प्राचार्य उत्तरा वर्मा, आचार्यगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कक्षा 12वीं के भैया-बहनों द्वारा मटकी फोड़ कार्यक्रम किया गया। इसके बाद धन्यवाद ज्ञापन, प्रसाद वितरण एवं शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
संवाददाता: धीरेंद्र कुमार जायसवाल/9131419735


















