
नकली उर्वरक कारोबार का भंडाफोड़
आरंग (रायपुर)। किसानों को नकली एवं संदिग्ध उर्वरक बेचने के मामले में कृषि विभाग, आरंग पुलिस एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कलई (आरंग) स्थित एक गोदाम में छापामार जांच की। कार्रवाई छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना को प्राप्त शिकायत एवं आवेदन के आधार पर की गई।
जांच के दौरान पता चला कि हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश से आए कुछ व्यक्तियों द्वारा स्थानीय व्यक्ति का मकान किराये पर लेकर गोदाम संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि ये लोग किसानों के घर-घर जाकर खाद के नाम पर ऑर्डर लेते थे और बाद में हरियाणा निर्मित संदिग्ध एवं कथित नकली उर्वरकों की घर पहुंच सेवा के माध्यम से बिक्री करते थे।

संयुक्त जांच टीम को मौके पर बिना किसी वैध लेबल एवं आवश्यक जानकारी के “बूस्टर” नाम से रासायनिक उत्पाद भी मिले, जिनका विक्रय कृषि नियमों के विपरीत प्रतीत हुआ। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध सामग्री एवं दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही संबंधित आरोपी मौके से फरार हो गए। कृषि विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, वहीं आरंग पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक, कीटनाशक या अन्य कृषि उत्पाद खरीदने से पहले उसकी गुणवत्ता, लेबल, लाइसेंस और विक्रेता की वैधता की जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।














