
पत्रकारिता की गरिमा से समझौता नहीं, जनहित सर्वोपरि : CMA
स्वार्थी तत्वों से पत्रकारिता को बचाने का लिया संकल्प
धीरेन्द्र जायसवाल जिला सचिव और राम चौहान बने जिला मीडिया प्रवक्ता
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन (CMA) की बैठक में पत्रकार हित एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। बैठक में पत्रकारिता की गिरती विश्वसनीयता तथा कुछ कथित पत्रकारों द्वारा व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता दिए जाने पर चिंता व्यक्त की गई। इस दौरान पत्रकारिता की गरिमा, विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है, इसलिए समाचार प्रकाशन से पहले तथ्यों की पुष्टि करना, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना पत्रकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पत्रकार का दायित्व केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना भी है।
वक्ताओं ने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्वों के आचरण से पत्रकारिता जैसे सम्मानित क्षेत्र की छवि प्रभावित हो रही है। ऐसी परिस्थितियों में जिम्मेदार पत्रकारों एवं पत्रकार संगठनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। CMA ने स्पष्ट किया कि संगठन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता के नाम पर होने वाली गलत प्रवृत्तियों के खिलाफ वैचारिक एवं संगठनात्मक स्तर पर आवाज उठाएगा।
बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा जिम्मेदार एवं जनपक्षीय पत्रकारिता को बढ़ावा देने को लेकर भी चर्चा हुई। संगठन ने पत्रकार हित के साथ-साथ आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने पर जोर दिया।
नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं:
इसी क्रम में प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिलाध्यक्ष शैलेश सिंह राजपूत की सहमति से धीरेन्द्र जायसवाल को जिला सचिव तथा श्री राम चौहान को जिला मीडिया प्रवक्ता नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा पत्रकार एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का भरोसा दिलाया।



















