
ग्राम पंचायत हथबंद में ग्राम पटेल संघ की बैठक संपन्न, चार प्रमुख मांगों पर हुई चर्चा
हथबंद/भाटापारा। तहसील भाटापारा अंतर्गत ग्राम पंचायत हथबंद में ग्राम पटेल संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के ग्राम पटेलों ने राजस्व कार्यों में आ रही समस्याओं एवं अधिकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में ग्राम पटेलों की भूमिका को मजबूत करने तथा प्रशासनिक कार्यों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चार प्रमुख मांगों पर सहमति बनी।

बैठक में उपस्थित ग्राम पटेलों ने कहा कि गांव स्तर पर सीमांकन, नामांतरण, भूमि बंटवारा, गिरदावली, फौती नामांतरण एवं अन्य राजस्व मामलों में ग्राम पटेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन कई बार उन्हें जानकारी दिए बिना कार्य किए जाते हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनती है।
बैठक में चार प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें सीमांकन कार्य के दौरान ग्राम पटेल की उपस्थिति अनिवार्य करने, नामांतरण कार्य में पहले की तरह ग्राम पटेल की भागीदारी सुनिश्चित करने, पटवारी द्वारा सीमांकन के समय ग्राम पटेल को साथ लेकर जानकारी देने तथा सभी ग्राम पटेलों को बैठक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों की सूचना समय पर उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
इस दौरान ग्राम पटेल संघ ने तहसील कार्यालय भाटापारा द्वारा जारी उस आदेश का भी उल्लेख किया, जिसमें सभी पटवारियों को निर्देशित किया गया है कि जिन ग्रामों में ग्राम पटेल नियुक्त हैं, वहां राजस्व मामलों से संबंधित कार्यों में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। तहसीलदार कार्यालय भाटापारा द्वारा 28 मार्च 2025 को जारी ज्ञापन में राजस्व न्यायालय एवं अन्य राजस्व कार्यों में ग्राम पटेलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में संगठन के पदाधिकारि उपस्थित रहे, जिसमें दासन बंजारे अध्यक्ष, रेवा साहू अध्यक्ष, भुनेश्वर शर्मा पटेल सचिव, थानेश्वर साहू संरक्षक, मोतीराम वर्मा कोषाध्यक्ष, भागवत प्रसाद वर्मा सचिव, रामकुमार बाघमार उपाध्यक्ष, लक्ष्मी नारायण वर्मा उपाध्यक्ष एवं जीवनलाल जायसवाल संरक्षक। वहीं टिकेंद्र बघेल और उग्रसेन वर्मा भी बैठक में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रदेश पटेल संघ के लिए 6 सदस्यों की नियुक्ति के लिए भेजा गया, जिसमें रेवा राम साहू, भागवत प्रसाद वर्मा, मोतीराम वर्मा, टीकाराम जायसवाल, जीवनलाल जायसवाल एवं जितेंद्र बघेल को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पटेल गांव और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए शासन-प्रशासन को उनकी मांगों और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व व्यवस्था में उन्हें उचित सम्मान और अधिकार देना चाहिए। बैठक में क्षेत्र के कई ग्राम पटेल एवं ग्रामीण प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल…..✍️












