
बसंतपुर थाना पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, पत्रकार की गिरफ्तारी से बढ़ा विवाद
रायपुर/बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना परिसर से कथित रूप से टायर और धान गायब होने के मामले का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है, लेकिन इस मामले को उजागर करने वाले पत्रकार पर ही कार्रवाई कर गिरफ्तारी किए जाने से क्षेत्र में विवाद गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना में जब्त वाहन से टायर गायब होने और पुलिस कस्टडी में रखे धान की कमी का मामला सामने आया था। इस खबर को स्थानीय पत्रकार रामहरी गुप्ता द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी। खबर सामने आने के बाद आम लोगों ने थाना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही पर सवाल उठाए थे।
इसी बीच बसंतपुर थाना पुलिस ने पत्रकार रामहरी गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की। पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पत्रकार की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पत्रकार संगठनों और नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि थाना परिसर से सामान गायब होने जैसे गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार पर कार्रवाई करना कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि थाना परिसर से ही सामान गायब हो रहा है तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लगना स्वाभाविक है। वहीं पत्रकार संगठनों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। लोगों ने मांग की है कि थाना परिसर से गायब हुए सामान की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
अगर आपको हमारी यह खबर पसंद आई हो तो वीडियो को Like 👍 करें, ज्यादा से ज्यादा Share 📲 करें और चैनल जय जोहार CG न्यूज़ को Subscribe 🔔 जरूर करें।
साथ ही अपने विचार हमें Comment करके जरूर बताएं।















