
फिल्मी स्टाइल में अपहरण, 12 घंटे में पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, युवक सकुशल बरामद
हथबंद (बलौदाबाजार)। थाना हथबंद क्षेत्र में एक सनसनीखेज अपहरण की घटना सामने आई, जिसमें रिंगनी रेलवे फाटक के पास एक युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। हालांकि पुलिस की तत्परता के चलते महज 12 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया और चारों आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 मई 2026 की शाम करीब 5:52 बजे प्रार्थी चीनू शेख, निवासी आर.एस. इंफ्रा कंपनी रिंगनी, थाना हथबंद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कंपनी के सुपरवाइजर शैनू शेख के साथ अज्ञात आरोपियों ने रिंगनी रेलवे फाटक के पास मारपीट करते हुए जबरन स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG16 CU 2066 में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 140, 115(2), 142, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना हथबंद एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा के डाटा और वाहन की लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया। लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने मध्यप्रदेश के करंजिया जिला डिंडोरी में दबिश देकर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया और अपहृत युवक शैनू शेख को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और विवाद के चलते योजना बनाकर अपहरण करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों में ओम नारायण पांडेय (33 वर्ष), अजय यादव (38 वर्ष), अभिषेक श्याम (23 वर्ष) एवं योगीराज परस्ते उर्फ राहुल (26 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।
⚠️नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी जानकारी एवं उपलब्ध तथ्यों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है, अंतिम निष्कर्ष न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगा।













