
✍️ संवाददाता: धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ गैस सिलेंडर में कम भराव व अनियमित वितरण से ग्रामीणों में आक्रोश
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने की कार्रवाई की मांग, सिलयारी पुलिस चौकी में सौंपा ज्ञापन
धरसींवा (रायपुर)।
धरसींवा खंड अंतर्गत ग्राम बरतोरी एवं सिलयारी क्षेत्र में गैस सिलेंडर वितरण में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडरों में निर्धारित 14.200 किलो वजन के स्थान पर लगभग 2 से 3 किलो तक कम गैस भरी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को देवेन्द्र भारत गैस वितरण, सिलयारी की रिफिलिंग गाड़ी (क्रमांक RJ43GA7630) ग्राम बरतोरी पहुंची थी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण गैस लेने पहुंचे, लेकिन कई उपभोक्ताओं को लंबे समय से गैस सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत सामने आई। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ उपभोक्ता 56 दिनों से लेकर 5 माह तक गैस सिलेंडर से वंचित हैं, जबकि शासन के नियमानुसार 45 दिन बाद उपभोक्ता गैस प्राप्त करने के पात्र होते हैं।
ग्रामीणों ने जब सिलेंडर के कम वजन को लेकर विरोध जताया, तो संबंधित वाहन चालक मौके से वाहन लेकर भाग गया। ग्रामीणों द्वारा पीछा किए जाने पर वाहन को ग्राम तर्रा में रोका गया। इस दौरान एजेंसी संचालक से फोन पर संपर्क कर मामले की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा एजेंसी संचालक द्वारा अपने पद एवं प्रभाव का उपयोग कर ग्रामीणों पर दबाव बनाने और उन्हें डराने का प्रयास किया गया।

बाद में ग्रामीणों को पुलिस चौकी सिलयारी बुलाया गया, लेकिन संबंधित एजेंसी संचालक वहां उपस्थित नहीं हुआ, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया।
इस मामले को गंभीर बताते हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना, रायपुर जिला ग्रामीण के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी संचालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा उपभोक्ताओं को सही वजन और समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
संगठन ने कहा कि आपदा को अवसर बनाकर आम जनता का शोषण करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों एवं संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा इस संबंध में सिलयारी पुलिस चौकी में ज्ञापन भी सौंपा गया।













