
✍️ संवाददाता: संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ स्वदेश मेटालिक प्लांट में बड़ा हादसा: 30 फीट ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत, एक कोमा में
सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
केसदा (बलौदा बाजार)।
ग्राम केसदा स्थित स्वदेश मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां काम के दौरान लगभग 30 फीट ऊंचाई से गिरने पर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में चला गया है।
मृतक की पहचान वासुदेव ध्रुव (पिता सोनू ध्रुव), निवासी ग्राम झिरिया के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक परमेश्वर ध्रुव (पिता दरबारी ध्रुव), निवासी ग्राम झिरिया को गंभीर हालत में रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी रविवार सुबह मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन द्वारा मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिसके चलते इस तरह के हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी ग्राम केसदा, खपरीकला, नेवधा और रिंगनी के ग्रामीणों द्वारा प्लांट प्रबंधन पर मनमानी और प्रदूषण फैलाने के आरोप लगाकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
⚠️ स्थिति तनावपूर्ण:
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।














