
हरि ओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट/ अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में 12 वर्षीय बालक से क्रूरता, सुरक्षा गार्डों ने दो बार उठाकर जमीन पर पटका
बलौदाबाजार।
जिले के रवान स्थित अदानी अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय नाबालिग बालक के साथ फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित रूप से अमानवीय मारपीट की गई। घायल बालक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश्वर साहू (12 वर्ष), जो एक अत्यंत गरीब परिवार से है और जिसके पिता का देहांत हो चुका है, आम तोड़ने के लालच में फैक्ट्री की दीवार पर चढ़ गया था। आरोप है कि सुरक्षा गार्डों ने उसे बहला-फुसलाकर अंदर बुलाया और फिर चोरी का आरोप लगाते हुए तीन गार्डों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी दिखाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गार्डों ने बालक को दो बार उठाकर जोर से जमीन पर पटका, मानो वह कोई वस्तु हो। इस दौरान बालक गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया और वहीं पड़ा रहा।
घटना का आंशिक वीडियो आसपास मौजूद कुछ बच्चों द्वारा बनाया गया, जो बाद में वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद बालक के परिजनों को जानकारी मिली। बालक के भाई ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और घर ले गया, जहां काफी प्रयास के बाद उसे होश आया।
परिजनों पर दबाव का आरोप:
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री से जुड़े कुछ लोगों ने उनके घर जाकर एफआईआर दर्ज न कराने के लिए दबाव बनाया। डर और आर्थिक स्थिति के कारण परिवार शुरुआत में चुप रहा।
जनप्रतिनिधियों ने लिया संज्ञान:
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि पीड़ित के घर पहुंचे। मामले की सूचना क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा को दी गई, जिन्होंने तुरंत कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक आरोपी हिरासत में, दो फरार:
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
प्रशासन सख्त, जांच जारी:
घायल बालक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








