
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ यूट्यूब देखकर एटीएम काटने की साजिश नाकाम, गैस कटर सहित आरोपी गिरफ्तार
लोहारा पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, रात्रि गश्त में संदिग्ध हालत में पकड़ा गया आरोपी
कबीरधाम/सहसपुर लोहारा।
कबीरधाम जिले में एटीएम काटकर चोरी की साजिश को लोहारा पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गैस कटर सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कृष्ण कुमार चन्द्राकर के दिशा-निर्देशन में जिले में लगातार सघन रात्रि गश्त एवं एटीएम की निगरानी की जा रही थी।
रात्रि गश्त में पकड़ा गया आरोपी:
दिनांक 24 मार्च 2026 की रात पुलिस टीम एटीएम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति एटीएम के पास संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नंदलाल साहू (30 वर्ष), निवासी छोटूपारा, थाना सहसपुर लोहारा के रूप में हुई। उसने बताया कि भारी कर्ज के चलते वह यूट्यूब पर एटीएम काटने के तरीके देखकर चोरी की योजना बना रहा था।
पहले भी कर चुका था प्रयास:
आरोपी ने सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर एवं छुईखदान क्षेत्रों में पहले भी एटीएम काटने का प्रयास किया था, लेकिन हर बार असफल रहा। पुलिस ने उससे घटनास्थलों पर सीन रीक्रिएट कराते हुए पूछताछ की।
गैस कटर व अन्य सामान जब्त:
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोटरसाइकिल (CG07AP0793), गैस कटर, गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, लोहे का सब्बल, रेनकोट, गमछा और अन्य सामग्री जब्त की है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया:
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस की अपील:
कबीरधाम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच में न आएं और गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें।
टीम का सराहनीय योगदान:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, एएसआई संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी अनंत सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








