
🟥 चितावर धाम मेला हत्या मामला : पुलिस का बड़ा खुलासा
मांघी पुन्नी मेला के दौरान युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
जय जोहार सीजी न्यूज़ | छत्तीसगढ़
चितावर धाम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कामता में आयोजित मांघी पुन्नी मेला के दौरान हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 1 फरवरी 2026 को शाम लगभग 7:30 बजे, मेला कार्यक्रम के दौरान ग्राम कामता निवासी राहुल यादव (उम्र 20 वर्ष) के साथ कुछ युवकों ने दबदबा बनाने की नीयत से विवाद किया। विवाद के दौरान आरोपियों ने लोहे के धारदार चाकू एवं लोहे की चूड़ा से राहुल यादव पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 52/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशानुसार थाना सिमगा पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश तेज की गई। जांच के दौरान हेमंत यादव एवं उसके एक अन्य साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मेला कार्यक्रम के दौरान रौब दिखाने और दबाव बनाने के उद्देश्य से राहुल यादव के साथ गंभीर मारपीट की थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं लोहे की चूड़ा बरामद कर जब्त किया। दोनों आरोपियों को दिनांक 3 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।








