
संपादक धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम कुटकीपारा, महराटोला और कवर्धा में नवधा रामायण में हुए शामिल
श्रद्धालुओं के बीच बैठकर किया रामायण पाठ का श्रवण, ग्रामीणजनों से की आत्मीय मुलाकात
कवर्धा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा कबीरधाम जिले के ग्राम कुटकीपारा, महराटोला एवं कवर्धा में आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने नवधा रामायण स्थल पर भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच बैठकर रामायण मंडली द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीराम की जीवन-गाथा का श्रद्धा एवं भावपूर्वक श्रवण किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं, रामायण मंडली के सदस्यों तथा ग्रामीणजनों से आत्मीय मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में नवधा रामायण की परंपरा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। गीत-संगीत के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादाओं और जीवन-मूल्यों का प्रसार पीढ़ी-दर-पीढ़ी होता आ रहा है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सद्भाव, नैतिकता और संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं।
ग्राम कुटकीपारा एवं महराटोला में प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा आयोजकों को आयोजन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








