
हरि ओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट / गुमा में दाऊ खुमान सिंह उ.मा. विद्यालय का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास से संपन्न
विकासखंड पलारी अंतर्गत दाऊ खुमान सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुमा में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन बहुत ही हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिवार के तत्वाधान में ग्राम पंचायत के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों एवं शिक्षकों का गुलाल लगाकर स्वागत किया गया।
उत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसे देखने ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी सम्मान मिला। विशेष रूप से कबड्डी, तीरंदाजी, कराटे, स्काउट-गाइड सहित अन्य गतिविधियों में जिले व प्रदेश में विद्यालय/गांव का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं और गांव के सम्मानित नागरिकों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और सभी ने शांति पूर्ण तरीके से कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल रहा और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की।








