
खबर का हुआ असर : मनोहरा के शासकीय स्कूल में बदहाली की खबर पर प्रशासन हरकत में
तत्काल बोर रिपेयरिंग कर पानी की व्यवस्था दुरुस्त, शौचालयों की हुई सफाई, स्वीपर को दी गई सख्त हिदायत
मनोहरा / हथबंद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनोहरा में पेयजल और शौचालयों की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। खबर सामने आते ही शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्कूल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया।

विद्यालय में तत्काल बोर की रिपेयरिंग कर पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी गई, जिससे छात्र-छात्राओं को राहत मिली। वहीं लंबे समय से गंदगी से भरे शौचालयों की भी सफाई कराई गई।
विद्यालय के प्राचार्य जगजीवन नवरंगे ने बताया कि साफ-सफाई में लापरवाही को लेकर स्वीपर को सख्त फटकार लगाई गई है। साथ ही रोजाना नियमित रूप से शौचालय एवं विद्यालय परिसर की साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा नहीं होने की चेतावनी भी दी गई है।
कार्रवाई के बाद पालकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। शाला समिति ने विद्यालय की समस्या को प्रमुखता से उठाने और प्रशासन तक बात पहुंचाने के लिए मीडिया का आभार जताया।
प्राचार्य जगजीवन नवरंगे ने कहा, “मीडिया में खबर आने के बाद तत्काल समस्या का निराकरण किया गया है। अब बच्चों को पानी और शौचालय की परेशानी नहीं होगी।”
खबर का असर साफ दिखा—समस्या सामने आई और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर व्यवस्था सुधार दी।

















