
संवाददाता हरिराम देवांगन/ ग्राम पीथमपुर की महिला सरपंच ने महामंडलेश्वर श्याम सुंदर दास जी को दिया शिवरात्रि मेला में पधारने का न्योता
बाबा कालेश्वर नाथ के दरबार में महाशिवरात्रि पर होगा भव्य मेला आयोजन
जय जोहार सीजी न्यूज़ छत्तीसगढ़ | संवाददाता: हरिराम देवांगन
जांजगीर-चांपा : जिले के ग्राम पीथमपुर स्थित बाबा कालेश्वर नाथ के पावन दरबार में इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर भव्य शिव आराधना एवं पूजा-अर्चना का आयोजन विधि-विधान से किया जाएगा। बताया जा रहा है कि महाशिवरात्रि 15 फरवरी को संपन्न होने जा रही है, जिसे लेकर गांव में तैयारी जोरों पर है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा कालेश्वर नाथ के दर्शन हेतु जांजगीर-चांपा जिले सहित आसपास के अनेक जिलों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस अवसर पर भक्तों द्वारा कांवड़ यात्रा निकालकर बाबा को पवित्र जल अर्पित किया जाता है।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार बाबा कालेश्वर नाथ के दरबार में विशेष रूप से संतान प्राप्ति की मनोकामना को लेकर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं। महाशिवरात्रि के दौरान ग्राम पीथमपुर में विशाल मेला का आयोजन भी होता है, जहां नागा साधु, अघोरी, योगी महात्माओं की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रहती है।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेल-खिलौने, बर्तन, जेवर सहित अन्य दुकानों की भी बड़ी संख्या में सजावट होती है, जिससे पूरा ग्राम उत्सवमय माहौल में नजर आता है।
इसी क्रम में ग्राम पीथमपुर की महिला सरपंच रूपांजलि धर्मेंद्र उदासी ने धार्मिक नगरी शिवरीनारायण मठ मंदिर के मठाधीश महामंडलेश्वर महंत श्याम सुंदर दास को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया एवं उन्हें महाशिवरात्रि तथा पंचमी मेला में पधारने का सादर आमंत्रण दिया।
गौरतलब है कि महामंडलेश्वर महंत श्याम सुंदर दास जन-जन की श्रद्धा के केंद्र के रूप में जाने जाते हैं और लंबे समय से शिवरीनारायण मठ मंदिर के मठाधीश पद को सुशोभित कर रहे हैं।








