
खाकी को खुली चुनौती : “पत्रकार बेटा भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा”, दबंग महिलाओं ने दी पूरे परिवार को जिंदा फूँकने की धमकी… थाने में शिकायत दर्ज
जांजगीर-चांपा/चांपा। छत्तीसगढ़ के चांपा शहर से अंधविश्वास और दबंगई से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 26 स्थित छुहिया तालाब क्षेत्र में नल पर पानी भरने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और पूरे परिवार को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने जैसी गंभीर धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता ने चांपा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नल पर पानी भरने के दौरान हुआ विवाद:
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया कि दिनांक 29 जनवरी की शाम वह अपनी बहू के साथ सार्वजनिक नल पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान मोहल्ले की ही दो महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए उनके बर्तन फेंक दिए और उन्हें “जादू-टोना/टौनी करने वाली” कहकर अपमानित किया।
जान से मारने और घर जलाने की दी धमकी:
पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने धमकी दी कि उनकी “ऊपर तक पहुंच” है और उनके संपर्क अपराधी तत्वों से हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने कहा—
“तुम्हारा बेटा पत्रकार है तो क्या हुआ, वह हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। हम तुम्हें और तुम्हारे परिवार को भारी वाहन से कुचलवा देंगे और घर में पेट्रोल-मिट्टी तेल डालकर आग लगा देंगे।”

परिवार दहशत में, न्याय की मांग:
घटना के बाद से पीड़िता और उनका परिवार भय और तनाव में है। पीड़िता ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में स्पष्ट लिखा है कि यदि भविष्य में परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपियों की होगी। पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अंधविश्वास के नाम पर प्रताड़ना भी अपराध:
आज के समय में भी “जादू-टोना” जैसे झूठे आरोप लगाकर किसी महिला को प्रताड़ित करना सामाजिक अपराध होने के साथ-साथ कानूनन भी गंभीर मामला है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।








