
संपादक धीरेन्द्र कुमार जायसवाल/ मितानिन दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा में सम्मान समारोह, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सम्मानित
तिल्दा। मितानिन दिवस (23 नवंबर) पर ब्रह्माकुमारीज़ मेडिकल विंग तिल्दा द्वारा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मितानिनों की सेवाओं को समाज की रीढ़ बताते हुए अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रंजना ठाकुर (परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग), अनुराधा वर्मा (भाजपा ग्रामीण जिला मंत्री), ममता सुनानी (शहरी विकासखंड कार्यक्रम अधिकारी), समाजसेविका सिमरन खुबचंदानी और बी.सी. प्रबंधक इश्वरी कश्यप मौजूद रहीं। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
अतिथियों ने कहा कि गर्भावस्था, प्रसव और शिशु पालन के प्रत्येक चरण में मितानिन बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कठिन परिस्थितियों में निरंतर सेवा देने वाली ये कार्यकर्ता वास्तविक रूप से सम्मान की पात्र हैं।
कार्यक्रम का संचालन बी.के. प्रियांका ने किया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की निःशुल्क सेवाओं, आध्यात्मिक शिक्षाओं और राजयोग ध्यान की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानसिक शांति और आत्म-सशक्तिकरण आज की आवश्यकता है।

वार्ड 21 की पार्षद रानी सौऱभ जैन और सौरभ जैन ने भी संस्था व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
अंत में मितानिन बहनों को हैंडबैग, पानी की बोतल, थर्मामीटर, पेन आदि सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया और राजयोग ध्यान कराया गया, जिसमें बहनों ने मानसिक शांति एवं स्थिरता का अनुभव किया।











