
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण एवं सक्रिय कार्यकर्ता बैठक संपन्न
जय जोहार छत्तीसगढ़
संवाददाता: हरिराम देवांगन
करतला। ग्रामीण आजीविका मिशन, विकासखंड करतला के अंतर्गत उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु 22 एवं 23 जून 2026 को विकासखंड के विभिन्न जोनों में प्रशिक्षण एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य असाक्षर व्यक्तियों की पहचान, सर्वेक्षण, ऑनलाइन प्रविष्टि, अध्यापन व्यवस्था तथा स्वयंसेवी शिक्षकों की भूमिका से कार्यकर्ताओं को अवगत कराना था।

22 जून को बरपाली, तुमान एवं करतला जोन में आयोजित प्रशिक्षण में उल्लास परीक्षा, सर्वेक्षण प्रक्रिया, कक्षा संचालन, परीक्षा की पात्रता, स्वयंसेवी शिक्षकों को मिलने वाले बोनस अंक एवं प्रमाण-पत्र की जानकारी दी गई। सभी प्रतिभागियों को साक्षरता की शपथ भी दिलाई गई। प्रत्येक प्रशिक्षण स्थल पर 50 से 70 ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक प्रभारी सुरेश निर्मलकर, विकासखंड परियोजना अधिकारी लोकनाथ सेन, बरपाली जोन की बीआरपी अनीता पोया, करतला जोन की बीआरपी आशा जांगड़े तथा तुमान जोन की बीआरपी दीपिका निर्मलकर की प्रमुख उपस्थिति रही।

23 जून को सोहागपुर जोन में आयोजित मासिक बैठक सह प्रशिक्षण में असाक्षरों के चिन्हांकन, ऑनलाइन सर्वे, अध्यापन व्यवस्था, स्वयंसेवी शिक्षकों की भूमिका एवं विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
विकासखंड परियोजना अधिकारी लोकनाथ सेन ने बताया कि विकासखंड को चार जोनों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक जोन से सर्वाधिक असाक्षरों का सर्वेक्षण करने वाले तीन-तीन सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
संकुल समन्वयक संजय चौहान ने दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें साक्षरता अभियान से जोड़ने तथा उनकी पृथक सूची तैयार करने पर विशेष जोर दिया। वहीं क्षेत्रीय समन्वयक प्रतिमा एक्का ने बैठक के सफल आयोजन के लिए सोहागपुर जोन की बीआरपी अनीता यादव को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सोहागपुर जोन के समिति पदाधिकारियों सहित 70 से अधिक महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक असाक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाने का संकल्प लिया।














